
वैश्विक राजनीति और युद्ध: “प्रभुत्व की जंग में हारती मानवता“
Table of Contents
⚠️विनाश की आहट और सच्चाई की तलाश
वैश्विक राजनीति और युद्ध ने हमेशा मानवता पर गहरा प्रभाव डाला है। जब आज दुनिया एक बार फिर किसी बड़े विनाश की आहट को महसूस कर रही है, तो इनके पीछे के उद्देश्य को जानना और उनका विश्लेषण करना महत्वपूर्ण हो जाता है।
एक तरफ कई मोर्चों पर शुरू हो चुके भीषण युद्ध और उनकी विभीषिका झेलते लोग दिखाई दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ इनके कुप्रभावों की चपेट में आती निर्दोष मानवता। आज का दौर ऐसा है जहाँ युद्ध सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि उनका असर हर उस इंसान तक पहुँच रहा है जो सीधे तौर पर इन संघर्षों का हिस्सा भी नहीं है।
बर्चस्व और पैसों के लिए, आत्मरक्षा के नाम पर जब दुनिया में अशांति फैलाने के सारे संभव प्रयास हो रहे हों, तो सही और गलत के बीच का भेद जानना तथा सच को सामने लाना और भी आवश्यक हो जाता है। क्योंकि अगर इस दौर में सच को दबा दिया गया, तो आने वाले समय में यही झूठ “नई सच्चाई” बन जाएगा।
आज जरूरत है कि हम केवल घटनाओं को देखें नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपी रणनीतियों, स्वार्थों और योजनाओं को भी समझें।
🌍वैश्विक शक्ति संतुलन का बिगड़ना
इस लेख के माध्यम से हम वर्तमान में हो रही वैश्विक घटनाओं का आकलन करेंगे और सच तथा इसके पीछे की सोच को सामने लाने का प्रयास करेंगे।
कहते हैं ना, शांति को बनाए रखने के लिए शक्ति का संतुलन होना जरूरी है।
या यूं कहें कि असीमित शक्ति ही शांति के संतुलन को बिगाड़ देती है—तो यह कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद वैश्विक महाशक्तियों के दो ध्रुव सामने आए—संयुक्त राज्य अमेरिका और रूस।
लेकिन समय के साथ डॉलर और नई तकनीक में अमेरिकियों का लगातार बढ़ता दबदबा, और विकासशील देशों (खासकर चीन) की महाशक्ति बनने की होड़ ने इस संतुलन को बिगाड़ दिया।
लेकिन इस पूरी तस्वीर का एक अहम हिस्सा यह भी है कि आज रूस को कई मोर्चों पर इस तरह उलझाकर रखा गया है कि वह अपनी पूरी शक्ति के साथ वैश्विक संतुलन बनाने की स्थिति में नहीं रह गया है।
यूक्रेन युद्ध, यूरोप में बढ़ता सैन्य दबाव, पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध, और लगातार बढ़ती रणनीतिक घेराबंदी—इन सबने रूस को अपने ही क्षेत्रीय संघर्षों में व्यस्त कर दिया है।
ऐसा प्रतीत होता है कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत उसे इतने मोर्चों पर उलझाया गया है कि वह अन्य वैश्विक मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप न कर सके।
इसका सीधा परिणाम यह हुआ है कि अमेरिका को अपने निर्णयों और नीतियों को लागू करने में पहले जैसी चुनौती नहीं मिल रही।
जहाँ पहले शक्ति संतुलन एक प्रकार की रोक का काम करता था, वहीं अब वह कमजोर पड़ता दिख रहा है।
और यही वह स्थिति है जहाँ “संतुलन” खत्म होकर “प्रभुत्व” में बदलने लगता है।
🔥हस्तक्षेप की राजनीति और उसके काले अध्याय
लोकतंत्र लाने के छद्म प्रयास हों, या खुद के प्रभाव और फायदे के लिए कभी मुजाहिद बनाए गए लोगों को बाद में आतंकवादी बताकर उनके दमन के नाम पर चलाए गए अभियान—अमेरिका और उसके सहयोगियों ने जो “रायता” पूरी दुनिया में फैलाया, उसके परिणाम आज साफ दिखाई दे रहे हैं।
कहते हैं, सत्य को दबाया जा सकता है, मिटाया नहीं जा सकता।
चाहे अफगान लड़ाकों को सोवियत रूस के खिलाफ खड़ा करना हो,
या पाकिस्तान समर्थित आतंकी गिरोहों को बढ़ावा देना,
या फिर लादेन और उसके नेटवर्क को कभी सह देना, कभी मात देना—
चाहे लीबिया और सीरिया में अपने पसंदीदा सत्ताधीशों को बैठाने की चाह में ISIS जैसे दुर्दांत संगठनों का उभार हो,
या रासायनिक हथियारों के नाम पर इराक में अशांति फैलाना,
या अब परमाणु हथियारों के नाम पर ईरान को दबाने की कोशिश—
ये केवल घटनाएँ नहीं हैं, बल्कि एक पैटर्न को दर्शाती हैं।
एक ऐसा पैटर्न जिसमें पहले किसी क्षेत्र में अस्थिरता पैदा की जाती है, फिर उसे “सुधारने” के नाम पर हस्तक्षेप किया जाता है, और अंत में वही क्षेत्र लंबे समय तक संघर्ष का केंद्र बन जाता है।
यही वह कड़वा सच है जिसे दुनिया अब धीरे-धीरे समझने लगी है।
🤐दुनिया की खामोशी के पीछे की वजह
इन सब के इतर, ध्यान देने वाली बात यह है कि आखिर इन घटनाओं के बाद भी दुनिया मौन क्यों है?
या यूं कहें कि कुछ कर क्यों नहीं पाती?
डॉलर पर व्यापार की निर्भरता, ऊर्जा की जरूरतें, टेक कंपनियों पर एकतरफा नियंत्रण, और किसी भी तरह सत्ता गंवाने का भय—ये कुछ ऐसे कारण हैं जो दुनिया के अधिकांश देशों को खामोश रखते हैं।
आज की दुनिया में आर्थिक दबाव किसी भी सैन्य दबाव से कम प्रभावी नहीं है।
अगर कोई देश खुलकर विरोध करता है, तो उसे प्रतिबंध, व्यापारिक नुकसान और अंतरराष्ट्रीय अलगाव का सामना करना पड़ सकता है।
नतीजा यह होता है कि प्रभुत्व का दंभ लगातार बढ़ता जाता है।
हाल ही के वेनेजुएला प्रकरण और उस पर दुनिया की चुप्पी ने इस दंभ को और मजबूत किया, जो धीरे-धीरे निरंकुशता की ओर बढ़ता दिखा।
और उसी अति आत्मविश्वास का परिणाम ईरान का प्रकरण बनकर सामने आया।
⚡ईरान प्रकरण: जब अनुमान गलत पड़ गया
सोच शायद यही रही होगी कि हमलों के बाद सत्ता परिवर्तन हो जाएगा और दुनिया एक बार फिर प्रभुत्व का नजारा देखेगी।
लेकिन कहते हैं ना, कई बार दूसरों को कमजोर समझना ही सबसे बड़ी कमजोरी बन जाती है।
ईरान दबाव में नहीं आया और अपनी सीमित शक्तियों के साथ सीना तानकर खड़ा हो गया।
यह घटना यह भी दिखाती है कि हर देश को अपनी संप्रभुता की रक्षा का अधिकार है, और हर रणनीति हमेशा सफल नहीं होती।
अब जब परिणाम सोच के मुताबिक नहीं मिले, तो दुनिया को इस संघर्ष में खींचने की कोशिशें भी दबी जुबान से शुरू होने लगी हैं।
💣एक और संकट के मुहाने पर दुनिया
और वह दिन भी दूर नहीं दिखता जब अपने हितों को बचाने के नाम पर, खाड़ी देशों को डर दिखाकर हथियार बेचने की लालसा में दुनिया एक और बड़े मानवीय संकट के मुहाने पर खड़ी हो जाए।
आज की स्थिति यह संकेत देती है कि युद्ध केवल संघर्ष नहीं, बल्कि एक “व्यवसाय” भी बनता जा रहा है—जहाँ अस्थिरता ही सबसे बड़ा बाजार है।
🧠मानवता के लिए सीख
लेकिन इन सबके बीच दुनिया को एक सीख भी जरूर मिलती है—
भले ही अकेला चना भाड़ न फोड़ पाए, लेकिन अगर वह पूरी शिद्दत से उछले, तो भड़भूजे की आंख और उसका अहम जरूर फोड़ सकता है।
हो कुछ भी, प्रभुत्व की इस जंग में हार हमेशा मानवता की ही होती है।
और शक्ति के आगे समर्पण सिर्फ खुद को ही नहीं, बल्कि दूसरों के हौसलों को भी तोड़ देता है।
👉 यही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी सीख है।
📌निष्कर्ष
वैश्विक राजनीति और युद्ध केवल देशों के बीच का संघर्ष नहीं हैं—वे प्रभुत्व, स्वार्थ और नियंत्रण की लड़ाई हैं।
लेकिन इस पूरी लड़ाई में अगर कोई सबसे ज्यादा हारता है, तो वह है—आम इंसान।
इसलिए जरूरी है कि हम सवाल पूछें, सच्चाई को समझें, और अंधे समर्थन से बचें।
आप इस विषय पे क्या सोचते है अपनी टिप्पणियों के माध्यम से अपनी राय साझा करें।
लेखक:- संपादक “निर्भय बोल “